राष्ट्रीय

Sanjay Singh के बाद अब उनके करीबियों की बारी! तीन सहयोगियों को ED ने किया तलब

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति घोटाले के संबंध में आम आदमी पार्टी (आप) नेता और सांसद संजय सिंह के तीन सहयोगियों को तलब किया है। सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि जिन लोगों को समन भेजा गया है उनमें विवेक त्यागी, सर्वेश मिश्रा और कंवरबीर सिंह शामिल हैं। सर्वेश मिश्रा के आज ईडी के सामने पेश होने की उम्मीद है। 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में बंद संजय सिंह के सामने ईडी इन तीनों लोगों से पूछताछ करेगी। ईडी का आरोप है कि संजय सिंह के सहयोगी सर्वेश ने अपने घर पर संजय सिंह की ओर से दो बार में 2 करोड़ रुपये लिए हैं। संजय सिंह के पीए विजय त्यागी को आरोपी अमित अरोड़ा की कंपनी अरालियास हॉस्पिटैलिटी के व्यावसायिक हित में हिस्सेदारी की पेशकश की गई थी। फिलहाल खबर यह है कि संजय सिंह के करीबी सर्वेश मिश्रा ईडी दफ्तर पहुंच चुके हैं। उनसे पूछताछ होगी। इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह को दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किये जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को पांच दिनों के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। विशेष न्यायाधीश एम. के. नागपाल ने सिंह को 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया, ताकि संघीय जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर सके। आप के राज्यसभा सदस्य को हिरासत की अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत कक्ष में लाये जाने के दौरान सिंह ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का “अन्यायपूर्ण कृत्य” है। संजय सिंह के वकील ने अदालत से कहा कि आप नेता को ईडी ने अपमानित करने के लिए गिरफ्तार किया। संजय सिंह के वकील ऋषिकेश कुमार ने मीडिया से कहा कि कोर्ट ने आज दलील पर विचार करने के बाद संजय सिंह को उनके द्वारा मांगे गए दस दिनों में से पांच दिन की रिमांड दे दी है। ये आधार हास्यास्पद हैं, लेकिन कोई सबूत नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में वे (ईडी) रत्ती भर भी सबूत पेश नहीं कर पाए। कोर्ट ने बहुत सख्त टिप्पणी की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग सारे झूठे केस लगा रहे हैं। इतने केस लगा लिए, इतनी जांच कर ली लेकिन कुछ निकलता तो है नहीं। इस जांच-जांच के खेल में सबका समय खराब होता है। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने आबकारी नीति मामले में राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ बृहस्पतिवार को केंद्रीय दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आप कार्यालय में एकत्र हुए और बैनर थामे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सिंह की रिहाई की मांग की।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *