उत्तराखण्ड

किसान ऋण मेले से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती : शारदा राणा

नौगांव में आयोजित किसान ऋण मेले में 304 लाभार्थियों को ₹2.74 करोड़ से अधिक के ऋण वितरित

उत्तरकाशी, 27 नवंबर 2026

उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग, उत्तरकाशी के संयुक्त तत्वावधान में उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लि. के अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा के अध्यक्षता में आज विकासखंड परिसर नौगांव में किसान ऋण मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। मेले के माध्यम से किसानों, काश्तकारों, ग्रामीण उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम में बैंक द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत कुल 304 कृषकों एवं लाभार्थियों को ₹274.82 लाख (2 करोड़ 74 लाख 82 हजार रुपये) के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री श्याम डोभाल, उपाध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, श्री मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा, पूर्व विधायक श्री केदार सिंह रावत, पूर्व विधायक श्री मालचंद, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा उत्तरकाशी श्री सत्येन्द्र सिंह राणा, बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा एवं बैंक उपाध्यक्ष श्री हरिमोहन सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने अपने संबोधन में कहा कि “सहकारिता केवल बैंकिंग और ऋण वितरण की व्यवस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और गांवों में आत्मनिर्भरता का आधार तैयार करने का सशक्त माध्यम है। हमारा संकल्प है कि बैंक की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र किसान, युवा, महिला अथवा ग्रामीण उद्यमी वित्तीय सहायता के अभाव में अपने सपनों को पूरा करने से वंचित न रहे।”

उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जनपद में सहकारी बैंक की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन एवं छोटे स्वरोजगार आधारित गतिविधियों पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्रीमती राणा ने कहा कि बैंक द्वारा ऋण वितरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि बैंक की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं। उन्होंने किसानों एवं युवाओं से अपील की कि वे बैंक की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें। उन्होंने यह भी कहा कि सहकारिता के माध्यम से गांवों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्य अतिथि श्री श्याम डोभाल ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले जैसे आयोजन आमजन को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बैंक प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर श्री मनवीर सिंह चौहान ने भी सहकारी बैंक की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा किसानों एवं ग्रामीण लाभार्थियों को इनका लाभ दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री भाजपा श्री परशुराम जगूड़ी, श्रीमती अमिता परमार, श्री विशालमणि डिमरी, श्रीमती कल्पना डोभाल, श्री जयेंद्र सिंह राणा, श्रीमती वर्षा राणा बैंक संचालक श्रीमती रमिता राणा, श्री बलवीर सिंह चौहान जी, जगमोहन रावत, जगमोहन पंवार, मण्डल अध्यक्ष प्रवीण अस्वाल सहित विकासखंड नौगांव की विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान, काश्तकार, जनप्रतिनिधि, बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में बैंक अध्यक्ष श्रीमती शारदा राणा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारी समितियों के पदाधिकारियों एवं उपस्थित कृषकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला सहकारी बैंक भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कार्य करता रहेगा।

“सहकारिता से समृद्धि, किसानों की खुशहाली और आत्मनिर्भर गांव – यही हमारा संकल्प है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *